संविधान दिवस पर एकलव्य विद्यालय जमथान में देशभक्ति और संवैधानिक मूल्यों की गूंज

मनेन्द्रगढ़ जिला एमसीबी,26 नवम्बर 2025 जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जमथान में संविधान दिवस बड़े उत्साह, सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। भारतीय लोकतंत्र की नींव तथा विश्व के सबसे बड़े संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करने हेतु आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की,कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः सभा में भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई। वाचन के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक मूल्यों की प्रेरणादायक ध्वनि से गूंज उठा। सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अनुशासन एवं गंभीरता के साथ प्रस्तावना का उच्चारण करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व की भावना के पालन का संकल्प दोहराया शिक्षकों ने इस अवसर पर संविधान के इतिहास, निर्माण प्रक्रिया, महत्व तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों के योगदान पर विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि संविधान केवल विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के सभी नागरिकों की स्वतंत्रता, अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शक ग्रंथ है। शिक्षकों ने कहा कि संविधान दिवस का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि उसके मूल्यों को जीवन में अपनाना है। उन्होंने छात्रों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा, विधि के शासन में विश्वास और समाज में समरसता बनाए रखने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया,कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझते हुए संविधान की रक्षा और पालन करने की शपथ ली। विद्यालय प्राचार्य ने सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों की प्रशंसा की तथा बताया कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और राष्ट्रीय मूल्यों की समझ विकसित करने में अत्यंत महत्त्वपूर्ण होते हैं। कार्यक्रम अनुशासित, प्रेरणादायक और अत्यंत सफल रहा, जिसने विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान और कर्तव्यबोध को और मजबूत किया



