रेत माफियाओं पर खनिज विभाग की कड़ी कार्यवाही,बिना नंबर की एक ट्रिपर जप्त

मनेन्द्रगढ़ जिला एमसीबी जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों पर आखिरकार खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। खनिज अधिकारी दयानंद तिग्गा और खनिज निरीक्षक आदित्य मानकर के नेतृत्व में शनिवार और रविवार की रात से लेकर सुबह तक विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इसी दौरान टीम ने ग्राम पंचायत बंजी स्थित हसदेव नदी क्षेत्र में बिना नंबर की एक रेत से भरी ट्रिपर को पकड़ा जानकारी के अनुसार हसदेव नदी के तट पर पिछले कई दिनों से मध्यप्रदेश की सीमा से लगते क्षेत्रों के रेत माफिया रात के अंधेरे में अवैध रेत खनन कर जिले के विभिन्न हिस्सों में इसकी आपूर्ति कर रहे थे। लगातार प्राप्त शिकायतों के बाद खनिज विभाग ने गुप्त रूप से योजना बनाकर देर रात क्षेत्र में घेराबंदी की। टीम को देखते ही चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। खनिज विभाग ने मौके पर ही वाहन को जप्त कर मनेन्द्रगढ़ खनिज कार्यालय परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। प्रारंभिक जांच में यह वाहन बिना पंजीयन नंबर का पाया गया जिससे इसकी वैधता संदिग्ध मानी जा रही है खनिज अधिकारी दयानंद तिग्गा ने बताया कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध रेत खनन या परिवहन नहीं होने दिया जाएगा लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हसदेव नदी में कई दिनों से रात्रि के समय भारी वाहनों की आवाजाही देखी जा रही थी जिससे लोगों को अवैध गतिविधियों की शंका थी। अब विभागीय कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पकड़ी गई ट्रिपर को खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21(1), (5) एवं संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है। वाहन मालिक एवं चालक की तलाश जारी है। इस कार्रवाई के बाद जिले के रेत माफियाओं में भारी हड़कंप मचा हुआ है। खनिज विभाग द्वारा ऐसे और भी संवेदनशील स्थलों पर आगामी दिनों में लगातार अभियान चलाए जाने की तैयारी की जा रही है



