जिले में बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत विद्यार्थियों को दी गई विस्तृत जानकारी

मनेन्द्रगढ़ जिला एमसीबी,10 सितम्बर 2025 जिले में बालिकाओं की सुरक्षा और बाल विवाह रोकथाम को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.के. खाती के मार्गदर्शन और जिला बाल संरक्षण अधिकारी सुश्री कोमल सिंह के नेतृत्व में यह कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद इंग्लिश/हिंदी मीडियम एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केल्हारी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को “बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़” और “सेफगार्डिंग फॉर गर्ल चाइल्ड” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए “गुड टच और बैड टच” की पहचान करने, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने विभिन्न कानूनों के बारे में समझाया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन कॉल 112 ऐसे महत्वपूर्ण नंबर हैं जिन पर जरूरत पड़ने पर 24 घंटे किसी भी समय मदद ली जा सकती है। इसके साथ ही बाल विवाह रोकथाम के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे “बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” की विस्तार से जानकारी दी गई और बाल विवाह से होने वाले सामाजिक व मानसिक दुष्परिणामों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और साइबर क्राइम से बचाव के उपाय भी बताए गए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि वे जागरूक नागरिक बनें और अपने आसपास बाल विवाह, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की हिंसा जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर दें। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे बाल विवाह और बालिका सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए स्वयं भी जागरूकता फैलाएंगे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button